देवरिया विद्यालय विवाद, दो शिक्षकों पर कार्रवाई:प्रभारी प्रधानाध्यापक को प्रतिकूल प्रविष्टि, सहायक अध्यापक निलंबित


देवरिया जिले के गौरीबाजार विकास खंड स्थित संविलियन विद्यालय पथरहट में प्रभारी प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक के बीच हुए विवाद के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने प्रभारी प्रधानाध्यापक शशिप्रभा यादव को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है, जबकि सहायक अध्यापक संदीप कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। यह मामला 30 अप्रैल का है। प्रभारी प्रधानाध्यापक शशिप्रभा यादव ने खंड शिक्षा अधिकारी, गौरीबाजार से शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि सहायक अध्यापक संदीप कुमार सिंह ने विद्यालय परिसर में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और डंडा लेकर मारने के लिए दौड़ाया। सहायक अध्यापक संदीप कुमार सिंह ने भी खंड शिक्षा अधिकारी को शिकायत दी थी। उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापक पर वित्तीय अनियमितता और शासनादेशों के उल्लंघन का आरोप लगाया था। संदीप कुमार सिंह के अनुसार, कक्षा सात की उपस्थिति पंजिका मांगने पर विवाद शुरू हुआ और छात्रों के सामने उन्हें अपमानित किया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए 14 मई को एक द्विसदस्यीय जांच समिति गठित की गई। जांच की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी बैतालपुर जयराम और खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल मिश्रा को सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोनों पक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। आठ जून को हुई सुनवाई में प्रभारी प्रधानाध्यापक शशिप्रभा यादव और सहायक अध्यापक संदीप कुमार सिंह ने उपस्थित होकर अपना मौखिक और लिखित पक्ष प्रस्तुत किया। उपलब्ध अभिलेखों, शिकायतों और जांच रिपोर्ट के परीक्षण के बाद प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि दोनों शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में स्टाफ और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में वाद-विवाद करते हुए अशोभनीय एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जांच के आधार पर, बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य ने सहायक अध्यापक संदीप कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं, प्रभारी प्रधानाध्यापक शशिप्रभा यादव को प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान की गई। साथ ही, मामले की विस्तृत जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को नामित करते हुए 15 दिनों के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *