दिल्ली रोड पर रोडवेज बस ने स्कूटी सवार को रौंदा:पीछे से मारी टक्कर, बस का पिछला पहिया सिर के ऊपर से निकला, रिपोर्ट दर्ज


मेरठ में दिल्ली रोड पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने स्कूटी सवार को पीछे से टक्कर मारकर रौंद दिया। हादसे में स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा उसके सिर के ऊपर से उतर गया। मृतक ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस और स्कूटी कब्जे में लेकर शव मोर्चरी भेज दिया। मृतक के दिल्ली पुलिस में तैनात भतीजे ने रेलवे रोड थाने में रोडवेज बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, मुजफ्फरनगर के थाना छपार क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय प्रेम कुमार पुत्र रतन कुमार रेलवे रोड पर प्रतीक नंदा के यहां काम करता था। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह स्कूटी से किसी काम से भैंसाली बस अड्डे की ओर जा रहा था। मनसबिया के पास पहुंचते ही पीछे से फुटबाल चौराहे की ओर से आई तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही प्रेम कुमार स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ा। इसके बावजूद बस चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे दौड़ा दिया। बताया गया कि बस का पिछला हिस्सा प्रेम कुमार के सिर के ऊपर से निकल गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने शोर मचाया तो चालक बस रोककर नीचे उतरा और भीड़ को आता देखकर फरार हो गया। हादसे के बाद दिल्ली रोड पर लगा जाम
दिनदहाड़े हुए इस हादसे से दिल्ली रोड पर अफरातफरी मच गई। सड़क पर लोगों की भीड़ जुटने से यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही रेलवे रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त बस व स्कूटी को थाने भिजवा दिया। जेब में मिले सामान से हुई पहचान
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस को प्रेम कुमार की जेब से मिले सामान के आधार पर उसकी पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। प्रेम कुमार के परिचित प्रतीक नंदा भी घटनास्थल पर पहुंचे। भतीजे ने दर्ज कराया मुकदमा
मृतक के भतीजे की दिल्ली पुलिस में तैनाती बताई गई है। उसने रेलवे रोड थाने में रोडवेज बस चालक के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस बस के चालक की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। एसपी बोले- रिपोर्ट दर्ज, आरोपी की तलाश तेज
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बस को कब्जे में लिया गया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *