ड्यूटी पर जा रहे होमगार्ड पर बांके से जानलेवा हमला:बेटे की पढ़ाई पर उपजे विवाद ने लिया खूनी रूप, होमगार्ड का सिर फोड़ा, हाथ तोड़ा


बरेली के भुता थाना क्षेत्र के ग्राम डबरी में पारिवारिक रंजिश में एक होमगार्ड पर जानलेवा हमला कर दिया गया। ड्यूटी पर जा रहे एक होमगार्ड को उन्हीं के चचेरे भाइयों और भतीजों ने घेरकर बेरहमी से निशाना बनाया। दबंगों ने बांके और लाठी-डंडों से हमला कर न केवल होमगार्ड का सिर फोड़ दिया, बल्कि उनके हाथ भी तोड़ दिया। लहूलुहान हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामूली बात पर भड़के दबंग, जान लेने पर हुए आमादा
पीड़ित होमगार्ड वेदपाल सिंह ने बताया कि पूरा विवाद महज उनके बेटे की पढ़ाई और उससे जुड़े कुछ सवालों को लेकर शुरू हुआ था। वेदपाल जब अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले, तो रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे चचेरे भाइयों और भतीजों ने उन्हें रोक लिया। बिना किसी ठोस कारण के आरोपियों ने बहस शुरू की और देखते ही देखते आपा खो दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बांके से वेदपाल के सिर पर वार किया और फिर लाठी-डंडों से उनके हाथ पर ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हो गया है। पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे, नहीं रुक रहा दबंगों का कहर
इस वारदात के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। वेदपाल सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि हमलावर पक्ष बेहद दबंग प्रवृत्ति का है। इनमें से एक आरोपी, जो दूध का व्यवसाय करता है, पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका है। चौंकाने वाली बात यह है कि इन आरोपियों के खिलाफ थाना भुता में पहले से ही दो मुकदमे दर्ज हैं, इसके बावजूद उनकी दबंगई कम होने का नाम नहीं ले रही है। आरोपी इतने बेखौफ हो गए हैं कि उन्होंने ड्यूटी पर जा रहे एक सरकारी कर्मचारी पर ही जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की लगाई गुहार
घटना के बाद से पीड़ित होमगार्ड ने अपनी और अपने परिवार की जान को बड़ा खतरा बताया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि इन दबंगों पर कठोरतम कार्यवाही की जाए ताकि उन्हें न्याय मिल सके। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इन पर शिकंजा नहीं कसा गया, तो ये आरोपी भविष्य में किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश में जुट गई है। भुता पुलिस का कहना है कि वेदपाल की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *