डीआईजी मुनिराज-जी ने संभल में संभाली कानून-व्यवस्था की कमान:एसपी की छुट्टी के चलते बहजोई में की पैदल गश्त, व्यापारियों से बात की


संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई अपनी शादी के कारण अवकाश पर हैं। इस दौरान मुरादाबाद परिक्षेत्र के उपमहानिरीक्षक मुनिराज-जी ने जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी कुलदीप सिंह, क्षेत्राधिकारी सम्भल आलोक भाटी और क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। गुरुवार शाम करीब 4 बजे डीआईजी मुनिराज-जी संभल के थाना बहजोई क्षेत्र पहुंचे। गश्त के दौरान उन्होंने कस्बे के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया। डीआईजी ने व्यापारियों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके। इस गश्त से आमजन में सुरक्षा की भावना भी जागृत हुई। उपमहानिरीक्षक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे सतर्कता बरतते हुए नियमित रूप से प्रभावी गश्त करें। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के अवकाश पर होने के कारण डीआईजी का संभल पर विशेष ध्यान है। उन्होंने एक सप्ताह में दूसरी बार संभल का दौरा किया है और वे रोजाना संभल के अधिकारियों से बात कर दिशा-निर्देश देते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *