![]()
इटावा जिले के बसरेहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां डिलीवरी के लिए आई गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार चौबिया थाना क्षेत्र के गांव बिहारीपुरा निवासी विपिन कुमार अपनी पत्नी राधना देवी को प्रसव के लिए बसरेहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। राधना देवी गर्भावस्था के नौवें माह में थीं और परिवार को जल्द ही बच्चे के जन्म की उम्मीद थी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान स्टाफ द्वारा कुछ दवाएं और इंजेक्शन बाहर से मंगवाए गए। विपिन कुमार का कहना है कि जैसे ही उनकी पत्नी को इंजेक्शन लगाया गया, उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों के मुताबिक महिला की हालत लगातार गंभीर होती गई, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने उसे तत्काल सैफई पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। हालांकि रास्ते में परिजन उसे पहले इटावा के एक निजी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के साथ ही उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद मृतका के पति विपिन कुमार ने आरोप लगाया कि यदि उनकी पत्नी को समय पर उचित इलाज और आवश्यक दवाएं मिल जातीं तो शायद मां और बच्चे दोनों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। महिला की मौत से आक्रोशित परिजन शव को लेकर बसरेहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और वहां लापरवाह डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर बसरेहर थाना प्रभारी सौरभ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं बसरेहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विकास सचान ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। परिजन दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
Source link
डिलीवरी से पहले गर्भवती महिला-नवजात की मौत:परिजनों ने बसरेहर सीएचसी के डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप