डाक सहायक के खाते में 4.5 करोड़ का संदिग्ध लेन-देन:बोला- फ्रैंड-रिश्तेदारों का कैश सैलरी खाते में जमा करता था, गेमिंग एप में लगाता था रुपए


सम्भल के बहजोई थाना क्षेत्र में एक डाक सहायक के खाते में साढ़े चार करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का मामला सामने आया है। वित्त मंत्रालय से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच के बाद डाक सहायक दीपक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है। बहजोई थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि बहजोई डाक विभाग में कार्यरत डाक सहायक दीपक कुमार के खातों में लगभग 4.5 करोड़ रुपये के अनधिकृत लेन-देन की जानकारी वित्त मंत्रालय ने दी थी। प्रारंभिक जांच में संतोषजनक जवाब न मिलने पर बहजोई पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13 (1) (बी) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि दीपक कुमार वर्ष 2011 में डाक विभाग में भर्ती हुए थे। वह 14 मार्च 2026 से संभल मुख्य डाकघर में डाक सहायक के पद पर कार्यरत हैं, हालांकि उनकी मुख्य तैनाती बहजोई डाकघर में है।संदिग्ध लेनदेन रिपोर्ट के अनुसार, दीपक कुमार के पंजाब नेशनल बैंक खाते में 1 जनवरी से 6 मार्च 2026 के बीच कुल 4,52,97,803 रुपये जमा हुए। इसी अवधि में 4,52,95,715 रुपये निकाले भी गए। पूछताछ में डाक सहायक दीपक कुमार ने बताया कि वह मित्रों और परिजनों से नकद रुपये अपने सैलरी खाते में जमा करता था। इसके बाद वह इन रुपयों को पंजाब नेशनल बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर ऑनलाइन गेमिंग ऐप ‘ड्रीम 11’ में लगाता था। उसने यह भी बताया कि यह ऐप सितंबर-अक्टूबर 2025 से बंद है। हालांकि, वह इतनी बड़ी धनराशि के स्रोत का कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। दीपक कुमार के सैलरी खाते का विवरण 2 अप्रैल 2019 से 18 मार्च 2026 तक चेक किया गया है। इस अवधि में उसने नकद और इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक से लगभग 1 करोड़ 50 लाख 60 हजार रुपये जमा किए। उसकी सैलरी 2 अप्रैल 2019 को 36,948 रुपये थी, जो 2 अप्रैल 2026 को बढ़कर 42,478 रुपये हुई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *