ट्रक से कुचले युवक की 10 दिन बाद मौत:पत्नी की शिकायत पर ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज


कुशीनगर के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के जंगल पचरुखिया गांव निवासी 33 वर्षीय संदीप कुमार मधेशिया की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना 22 मई को हुई थी, जिसके लगभग 10 दिन बाद सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। संदीप अपने पीछे पत्नी और 18 माह की बेटी को छोड़ गए हैं, जिससे गांव में शोक का माहौल है। संदीप कुमार मधेशिया पुत्र धरीछन मधेशिया जंगल पचरुखिया में पचारुखिया पुल के पास सड़क किनारे एक छोटी चाय की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह छह भाइयों में दूसरे नंबर पर थे, जबकि उनके अन्य भाई बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। संदीप की शादी साल 2022 में हुई थी और उनकी एक 18 महीने की बेटी आंशिका है। परिजनों ने बताया कि 22 मई को दोपहर करीब 1:15 बजे संदीप अपनी दुकान के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान दुदही की ओर से पडरौना जा रहा लाल बालू लदा एक ट्रक बेकाबू होकर सड़क की पटरी पर चढ़ गया और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनका दाहिना पैर बुरी तरह कुचल गया और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। संदीप की पत्नी सुधा गुप्ता की तहरीर पर कुबेरस्थान थाने में ट्रक संख्या UP 53 ET 0845 के चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। लगभग दस दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद सोमवार तड़के गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में संदीप का निधन हो गया। उनकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी सुधा और मासूम बेटी आंशिका के सामने अब आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में पहले से दर्ज मुकदमे की विवेचना की जा रही है। संदीप की मौत के बाद अब इस प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *