ट्रक-ट्रेलर की भिड़ंत, ट्रेलर चालक की मौत:सोनभद्र में खदान से कोयला लेकर वाराणसी जा रहा था ट्रक चालक, गंभीर


सोनभद्र के अनपरा थाना क्षेत्र के बैरपान में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर रविवार की देर रात ट्रक और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, घटना में ट्रेलर चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। जानकारी के अनुसार शक्तिनगर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात एनसीएल कोयला खदान से कोयला लेकर ट्रक चालक वाराणसी की ओर जा रहा था। जैसे ही वह बैरपान पहुंचा तो रेणुकूट की ओर से आ रहे ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर फंस गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन केबिन के अत्यधिक क्षतिग्रस्त होने के कारण उसे निकालने में काफी समय लगा। घंटों की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। हालांकि, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक की पहचान मिर्जापुर जनपद के गौरा निवासी 44 वर्षीय राकेश पुत्र विवेकानंद के रूप में हुई है। वही दूसरे घायल ट्रक चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इस दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से हटवाया और यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बैरपान से लेकर सिद्धवा तक सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित वाशिंग सेंटर लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। उनका कहना है कि कोयला लदे भारी वाहनों को सड़क की पटरियों पर खड़ा करके धोया जाता है, जिससे सड़क पर पानी और कोयले की परत जम जाती है।यह स्थिति सड़क को फिसलन भरा बना देती है,जिसके परिणामस्वरूप आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से इन अवैध वाशिंग सेंटरों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने की मांग की है।उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन पर कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *