ट्यूशन जा रही छात्रा से दो किशोरों ने मोबाइल छीना:सांईपुरम से पीछा कर रहे थे दोनों आरोपी, फोन निकालते ही पीछे से झपट्‌टा मारा


मेरठ में टीपीनगर थाना क्षेत्र के सांईपुरम में ट्यूशन पढ़ने जा रही 14 वर्षीय छात्रा से दो किशोर मोबाइल छीनकर फरार हो गए। छात्रा के मुताबिक, दोनों आरोपी काफी देर से उसका पीछा कर रहे थे। उसने ध्यान नहीं दिया। सांईपुरम गली नंबर-दो में पहुंचने के बाद जैसे ही उसने मोबाइल निकालकर बातचीत शुरू की। पीछे से आए दोनों किशोर झपट्टा मारकर फोन छीन ले गए। वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों किशोर मोबाइल छीनकर भागते नजर आए हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है। देवलोक कॉलोनी निवासी सुषमा ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी श्रद्धा मंगलवार शाम करीब पांच बजे ट्यूशन पढ़ने के लिए माधवपुरम जा रही थी। वह सांईपुरम गली नंबर-दो में पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से आए दो किशोरों ने अचानक उसका मोबाइल छीन लिया और तेजी से फरार हो गए। श्रद्धा ने तत्काल अपनी मां को फोन कर घटना की जानकारी दी। सुषमा मौके पर पहुंचीं और डायल-112 पर सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और छात्रा से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पीछा कर रहे थे आरोपी
श्रद्धा ने पुलिस को बताया कि दोनों किशोर काफी देर से उसका पीछा कर रहे थे। उसने इसे गंभीरता से नहीं लिया और ट्यूशन जाने के लिए आगे बढ़ती रही। सांईपुरम गली में पहुंचने के बाद जब उसने किसी से बातचीत करने के लिए मोबाइल निकाला, तभी दोनों किशोर तेजी से पीछे से आए और हाथ से मोबाइल छीनकर भाग निकले। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पुलिस की जांच में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों किशोर मोबाइल छीनकर भागते दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनके चेहरे और हुलिए की पहचान करने में जुटी है। टीपीनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *