![]()
आगरा के जीआईसी मैदान में चेटीचंड महोत्सव के तहत आयोजित दो दिवसीय 6वें अंतरराष्ट्रीय सिंधी झूलेलाल मेले का शुभारंभ धूमधाम से हुआ। मेले में सिंधी कला, संस्कृति और खान-पान का अनोखा संगम देखने को मिला, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। मेले का उद्घाटन उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने फीता काटकर किया, जबकि संतों और अतिथियों ने भगवान झूलेलाल की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रवेश द्वार पर भगवान झूलेलाल की प्रतिमा के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने ईको-फ्रेंडली माता वैष्णो देवी गुफा, देव लोक झांकी और कैलाश पर्वत के दर्शन किए, जो आकर्षण का केंद्र रहे। मेला परिसर में सिंधी व्यंजनों जैसे छोला-डबल, साई भाजी-चावल और सीरा मालपुआ की खुशबू छाई रही। साथ ही पारंपरिक परिधानों और हस्तशिल्प की स्टॉल्स भी लोगों को आकर्षित करती रहीं। बच्चों और युवाओं ने झूलों, ऊंट-घोड़े की सवारी का आनंद लिया, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में डांस और कविता प्रस्तुतियां हुईं। संगीत कार्यक्रम में मुंबई से आए गायक कमलेश कपूर ने सिंधी भजनों और गीतों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। दर्शक उनके गीतों पर झूमते नजर आए। वहीं जूनियर अमिताभ की प्रस्तुति ने भी लोगों को खूब मनोरंजन किया। मेले में समाज के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने 85% से अधिक अंक लाने वाले और प्रतियोगी परीक्षाएं पास करने वाले छात्रों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। आयोजन समिति के अनुसार, मेले का उद्देश्य सिंधी संस्कृति को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ना है।
Source link
झूलेलाल मेले में सजी रंगीन सांस्कृतिक महफिल:जीआईसी मैदान में अंतरराष्ट्रीय मेला, झांकियां, व्यंजन और कार्यक्रम आकर्षण बने