![]()
झांसी के बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में लॉ स्टूडेंट के साथ मारपीट का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को आरोपी गार्ड के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर ताला डालकर हंगामा किया। बढ़ते विरोध और करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद कुलपति ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड अमित को निलंबित कर दिया। स्टूडेंट प्रोटेस्ट की दो तस्वीरें देखें… गुरुवार को लॉ डिपार्टमेंट के छात्र नवीन परीक्षा भवन में एग्जाम देने पहुंचे थे। इसी दौरान सिक्योरिटी गार्ड और छात्रों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया। छात्रों का आरोप था कि मारपीट के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरोपी गार्डों पर कार्रवाई नहीं की। सोमवार को जब छात्र विश्वविद्यालय पहुंचे तो आरोपी गार्ड मुख्य गेट पर ही तैनात मिला। इससे नाराज छात्र भड़क गए और उन्होंने यूनिवर्सिटी के गेट पर ताला डाल दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शनकारी छात्रों की पुलिसकर्मियों से भी झड़प हो गई। इसके बाद छात्र धरने पर बैठ गए और दोषी गार्डों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। छात्रों के आंदोलन को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, समाजवादी छात्रसभा, एनएसयूआई और आजाद समाज पार्टी के छात्र संगठनों का भी समर्थन मिला। छात्रों के बढ़ते दबाव के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरोपी गार्ड अमित को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। हालांकि छात्र अभी भी अन्य गार्डों पर कार्रवाई, सार्वजनिक माफी और मुख्य गार्ड को हटाने की मांग पर अड़े हुए हैं। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे क्रमिक अनशन शुरू करेंगे।
Source link
झांसी यूनिवर्सिटी में लॉ स्टूडेंट को पीटने वाला गार्ड सस्पेंड:कार्रवाई की मांग को लेकर छात्रों ने गेट पर जड़ा ताला, पुलिस से हुई झड़प