![]()
झांसी के महरानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में सोमवार को इंटर्न डॉक्टरों ने एक दिवसीय भूख हड़ताल की। दोपहर लगभग 12 बजे सभी ओपीडी के बाहर एकत्र हो गए और नारेबाजी करने लगे। यहां से रैली निकालते हुए सभी प्रिंसिपल ऑफिस पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। इंटर्न डॉक्टरों की मांग है कि उनका मानदेय (इंटर्नशिप स्टाइपेंड) तुरंत प्रभाव से बढ़ाया जाए। अभी एक दिन के 400 रुपए यानी महीने के 12 हजार मिलता है। इसे 30 हजार रुपए किया जाए। मांगे नहीं मानी गई तो इंटर्न डॉक्टर भूख हड़ताल करेंगे। दो तस्वीर मेडिकल कॉलेज में 144 इंटर्न डॉक्टर हैं इंटर्न डॉक्टर मोहित मंगल ने बताया- अभी मेडिकल कॉलेज में 144 इंटर्न डॉक्टर है। जो अपनी सेवाएं इमरजेंसी, आईसीयू समेत हर जगह 12 से 14 घंटे तक दे रहे हैं। कई बार 24-24 घंटे भी ड्यूटी कर रहे हैं। संडे को भी काम करते हैं। फिर अंत में 12 हजार मानदेय मिलता है। जो सम्मानजनक मानदेय नहीं है। लास्ट टाइम हम लोग डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और सीएम योगी से मिले थे और ज्ञापन दिया था। हमें आश्वासन मिला था कि मानदेय बढ़ाया जाएगा, लेकिन अभी तक नहीं बढ़ा। उन्होंने आगे बताया- मेडिकल कॉलेज के अंदर ही नाॅर्मल वर्करों को 18 हजार रुपए वेतन मिल रही है और हमको सिर्फ 12 हजार रुपए मिले हैं। इसे बढ़ाकर 30 हजार रुपए किया जाए। आज हम लोगों ने भूख हड़ताल कर अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन किया। रैली निकालकर प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने ऊपर तक बात पहुंचाने का भरोसा दिया है। अगर मानदेय नहीं बढ़ा तो भूख हड़ताल करेंगे। इंटर्न डॉक्टरों ने खाना नहीं खाया। बाकी जूनियर को खाना खाने के लिए कहा गया है। बाकी राज्यों में 25 से 40 हजार मिलता है इंटर्न डॉक्टर प्रीतम पांडेय ने बताया- मैं महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के 2021 बैच का इंटर्न डॉक्टर हूं। आज हम अपने मानदेय बढ़ाने के लिए प्रदर्शन कर रहे है। अभी हमें एक दिन के 400 रुपए मिलते हैं। यानी महीने के मात्र 12 हजार रुपए। हम चाहते हैं कि इसे बढ़ाकर 30 हजार रुपए किया जाय। अन्य राज्यों में 25 हजार और 30 हजार रुपए दिया जाता है। कहीं-कहीं पर 40 हजार रुपए भी है। सेम पढ़ाई, सेम नीट की परीक्षा, बराबर मरीज देखने के बाद भी हमारे साथ सौतेला व्यवहार किया जाता है। हमारी मांगे पूरी की जाए। ये हमारी गुजारिश नहीं, हुंकार है। आज भूख उपवास किया है, अगर मांग पूरी नहीं हुई तो भूख हड़ताल करेंगे।
Source link
झांसी मेडिकल कॉलेज में इंटर्न डॉक्टरों की भूख हड़ताल:बोले- महीने में सिर्फ 12 हजार मानदेय मिलता है, इसे बढ़ाकर 30 हजार किया जाए