जौनपुर में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का अंतिम दिन:2504 अभ्यर्थी अनुपस्थित, 6976 ने दी परीक्षा, रीजनिंग-जीएस ने कुछ को उलझाया


जौनपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन की पहली पाली में 2504 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कुल 9480 पंजीकृत उम्मीदवारों में से 6,976 ने परीक्षा दी। यह परीक्षा सोमवार से शुरू हुई थी। यह लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जा रही है। प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा हो रही है, जिसमें पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। जनपद में कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां निर्धारित 6 पालियों में कुल 56,880 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसमें 21 केंद्र व्यवस्थापक, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 21 स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित लगभग 1,200 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। अंतिम दिन की पहली पाली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्न पत्र के कठिनाई स्तर पर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। कुछ अभ्यर्थियों को पेपर आसान लगा, जबकि कुछ को कुछ खंडों ने उलझाया। मऊ के विशाल यादव ने बताया कि पेपर आसान था, लेकिन रीजनिंग के सवालों ने उलझाया। बलिया के दिवाकर ने कहा कि सामान्य अध्ययन (जीएस) के प्रश्नों ने काफी समय लिया, जबकि हिंदी और सामान्य ज्ञान के प्रश्न कम आए थे। मिर्जापुर के सुनील कुमार ने गणित को चुनौतीपूर्ण बताया, वहीं नवीन ने भी जीएस को मुश्किल बताया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *