![]()
बुलंदशहर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जुलाई माह में 85 से अधिक जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। समाज कल्याण विभाग इस आयोजन की तैयारी कर रहा है। इस बार सरकार ने बिटिया को दी जाने वाली नकद राशि में 4,000 रुपये की बढ़ोतरी करते हुए इसे 64,000 रुपये करने का निर्णय लिया है। योजना में कुछ नई व्यवस्थाएं भी लागू की गई हैं। अब विवाह में चांदी की पायल और बिछिया उपहार के तौर पर नहीं दिए जाएंगे। महंगाई और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव को इसका कारण बताया गया है। पहले कन्या के खाते में 60,000 रुपये भेजे जाते थे, जो अब बढ़कर 64,000 रुपये हो गए हैं। गृहस्थी के सामान के लिए 21,000 रुपये दिए जाएंगे, जबकि पहले 25,000 रुपये का सामान मिलता था। इसमें बिस्तर, बर्तन और पहनने के कपड़े जैसी सामग्री शामिल होती थी। जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने बताया कि विभाग को योजना के तहत अब तक 85 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनकी शादियां जुलाई माह में कराने की तैयारी चल रही है और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव के कारण उपहारों की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पायल और बिछिया के बजाय 4,000 रुपये की अतिरिक्त राशि सीधे दुल्हन के खाते में भेजी जाएगी। प्रदेश सरकार द्वारा प्रति युगल कुल 1 लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। नई व्यवस्था के तहत, बिटिया के खाते में 64,000 रुपये भेजे जाएंगे, 21,000 रुपये का गृहस्थी का सामान दिया जाएगा, और 15,000 रुपये शादी के आयोजन पर खर्च किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने पात्र लोगों से योजना के तहत शादी करवाने के लिए आवेदन करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्राप्त होने वाले आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें भी आगामी सामूहिक विवाह समारोहों में शामिल किया जाएगा।
Source link
जुलाई में 85 से अधिक जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में:मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत समाज कल्याण विभाग कराएगा आयोजन