जिले में जनगणना की पहला चरण पूरा:30 जून तक प्रगणक नहीं हटा सकेंगे मोबाइल से एप


गोरखपुर जिले में जनगणना के प्रथम चरण का काम शनिवार को पूरा हो चुका है। इसके तहत मकानों के सूचीकरण, मकान गणना का कार्य किया गया है। निर्धारित समय सीमा से 4 दिन पहले ही सभी हाउस लिस्टिंग ब्लाक (HLB) मं मकान गणना पूरी कर ली गई थी। इसके बाद उन परिवारों और मकानों पर ध्यान दिया गया, जिनकी गणना किसी कारण छूट गई थी। इस बीच प्रशासन ने निर्देश दिया है कि प्रगणकों को 30 जून तक अपने मोबाइल से जनगणना एप डिलीट नहीं करना है।
जिला प्रशासन के अनुसार, पहले चरण के दौरान मकानों की स्थिति,उपलब्ध सुविधाओं और बुनियादी संसाधनों से जुड़ी जानकारी एकत्र की गई है। इसी आधार पर आगामी दूसरे चरण में जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा, जो फरवरी 2027 में प्रस्तावित है।
जिला जनगणना अधिकारी और एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश ने बताया कि जनगणना कार्यालय में आगे भी कार्य लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी प्रगणकों को निर्देश दिया है कि वे 30 जून तक अपने मोबाइल फोन से जनगणना ऐप डिलीट न करें। इस संबंध में सभी समूहों में संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी प्रगणक अनजाने में ऐप हटाने की गलती न करें।
उन्होंने बताया कि 20 जून तक ही मोबाइल ऐप के माध्यम से आंकड़ों में संशोधन की सुविधा उपलब्ध थी। अब पोर्टल पर किसी प्रकार का सुधार नहीं किया जाएगा। जनगणना-2027 देश की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना है, जिसमें प्रगणकों द्वारा मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का पहला चरण 22 मई से 20 जून तक संचालित किया गया। इसके बाद दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी, जिसके लिए प्रथम चरण के आंकड़े आधार बनेंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *