![]()
जालौन जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गैस एजेंसी संचालकों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के किसी भी उपभोक्ता को गैस की उपलब्धता में परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी एजेंसियां नियमानुसार होम डिलीवरी के माध्यम से समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करें। बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद में कुल 35 गैस एजेंसी वितरकों के माध्यम से 3,52,748 घरेलू गैस कनेक्शनधारकों और 740 कामर्शियल कनेक्शनधारकों को गैस की आपूर्ति की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा सर्वोपरि है, इसलिए एजेंसियां पारदर्शी व्यवस्था के साथ गैस वितरण करें।
डीएम ने एचपीसीएल के विक्रय अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि जिन उपभोक्ताओं को ओटीपी नहीं मिल पाता है, उनके लिए आईवीआरएस, मिस्ड कॉल, गूगल पे, फोन पे और व्हाट्सएप के माध्यम से वैकल्पिक बुकिंग की सुविधा सुनिश्चित की जाए। जनपद में एचपीसीएल की दो गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनके अंतर्गत 27,199 घरेलू और 28 कामर्शियल कनेक्शनधारक हैं। वर्तमान में इनके पास 707 एलपीजी रिफिल और 29 कामर्शियल सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की जानकारी के लिए एडवाइजरी और पंपलेट भी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में इंडेन (आईओसी) के विक्रय अधिकारियों को भी बुकिंग व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। जनपद में इंडेन कंपनी की 23 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनसे 1,10,337 घरेलू और 473 कामर्शियल कनेक्शनधारकों को गैस आपूर्ति की जाती है। वर्तमान में 4429 घरेलू एलपीजी सिलेंडर और 746 कामर्शियल सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। बीपीसीएल की 10 गैस एजेंसियां भी जनपद में संचालित हैं, जिनके अंतर्गत 84,142 घरेलू और 239 कामर्शियल कनेक्शनधारक हैं। इन एजेंसियों के पास 2987 घरेलू और 729 कामर्शियल सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने बीपीसीएल के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों के कार्यालयों और गोदामों का नियमित निरीक्षण करें। साथ ही गठित टीमों से गैस स्टॉक की आमद, वितरण और अवशेष का प्रतिदिन सत्यापन कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि गैस की कालाबाजारी या डायवर्जन की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में संबंधित विक्रय अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जनपद में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला तथा आईओसी, एचपीसीएल और बीपीसीएल के विक्रय अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Source link