चौकी के पास लूट में घायल महिला की मौत:बैग छीनने के दौरान हुई थी घायल, कानपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम


जालौन के थाना कुठौंद क्षेत्र में शंकरपुर पुलिस चौकी के पास दिनदहाड़े हुई लूट की घटना में घायल महिला की मौत हो गई है। बैग छीनने के दौरान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई महिला की इलाज के दौरान कानपुर के अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पुलिस चौकी के पास हुई वारदात को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश भी है। सिरसा कलार थाना क्षेत्र के मड़िया गांव निवासी तेज सिंह पुत्र सिपाही लाल अपनी पत्नी रचना देवी (35) के साथ बाइक से अपनी ससुराल तिर्वा, जनपद कन्नौज जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने रास्ते में सिरसा कलार बाजार से कुछ खरीदारी की थी और वहां से आगे बढ़ गए। गुरुवार को जैसे ही वे कुठौंद थाना क्षेत्र की शंकरपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत धराना गांव के पास स्थित भीमसेन मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर रचना देवी के हाथ से बैग छीन लिया। अचानक हुए इस हमले से रचना देवी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं बदमाश बैग लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। परिजनों के मुताबिक बैग में करीब 20 हजार रुपये नकद, एक कमर पेटी और कानों के टोकस रखे हुए थे। महिला को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर औरैया रेफर कर दिया गया। औरैया से भी स्थिति नाजुक होने पर उन्हें कानपुर के अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका रचना देवी अपने पीछे तीन छोटे बच्चों शोभित (11 वर्ष), वंश (9 वर्ष) और अभि (5 वर्ष) को छोड़ गई हैं। मां की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। दिनदहाड़े पुलिस चौकी के पास हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए तीन टीमों का गठन किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *