![]()
बिजनौर: चैत्र नवरात्र गुरुवार से शुरू हो रहे हैं, जिसके मद्देनजर जिलेभर में तैयारियां तेज हो गई हैं। सभी देवी मंदिरों में विशेष साफ-सफाई और सजावट का काम अंतिम चरण में है। भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर समितियों द्वारा पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। बिजनौर जिले के चांदपुर, बिजनौर शहर, नगीना, धामपुर, नहटौर, अफजलगढ़, शेरकोट, नजीबाबाद, किरतपुर और बढ़ापुर सहित सभी नगरों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। कई मंदिरों में इस अवसर पर लगने वाले मेलों की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं।
बिजनौर शहर के झालू रोड स्थित प्राचीन देवी मंदिर और चामुंडा धाम देवी मंदिर, साथ ही चांदपुर शहर में स्थित प्राचीन देवी मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। नवरात्रों के दौरान इन मंदिरों में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। नवरात्रों के लिए मंदिरों को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। इनमें विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है और मंदिरों को बेहद खूबसूरत तरीके से सजाया जा रहा है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भी साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिरों के बाहर पूजा सामग्री और प्रसाद की दुकानें भी सज गई हैं। चामुंडा धाम मंदिर के पुजारी रमाकांत शर्मा ने बताया कि नवरात्रों की तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने बताया कि यह मंदिर करीब 90 साल पुराना ऐतिहासिक मंदिर है। भक्तों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए साफ-सफाई, सजावट और फूलों की माला सहित सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
Source link
चैत्र नवरात्र कल से शुरू:बिजनौर के मंदिरों में तैयारियां अंतिम चरण में, भक्तों के लिए खास इंतजाम