चेकिंग में रोका तो पुलिस पर कर दी फायरिंग:जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल: खेतों में भागे 2 साथी कॉम्बिंग में पकड़े गए


मुजफ्फरनगर नई मंडी थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध बदमाशों से आमना-सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, बिना नंबर की काली स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीनों युवकों को रुकने का इशारा किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद बाइक सवार खेतों की तरफ भागने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों में छिप गए। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया और दोनों फरार आरोपियों को भी पकड़ लिया। पुलिस ने तीनों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी के मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद करने का दावा किया है। क्षेत्राधिकारी नई मंडी सुनील कुमार के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध व्यक्ति काले रंग की स्प्लेंडर बाइक से गांव सहावली की तरफ से एटूजेड जाने वाले रास्ते पर आ रहे हैं। आशंका थी कि तीनों किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भागीरथ चौक पर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद सहावली की ओर से बिना नंबर प्लेट की काली स्प्लेंडर बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवारों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और बाइक लेकर खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अमर घायल पुलिस के मुताबिक, बदमाशों की गोलीबारी के बाद टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। उसकी पहचान अमर पुत्र महेंद्र, निवासी अमित विहार कूकड़ा, थाना नई मंडी के रूप में हुई। पुलिस ने घायल अमर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया। वहीं, उसके दो साथी मौके से भागकर खेतों में छिप गए। इसके बाद पुलिस टीम ने आसपास के खेतों में तलाशी अभियान शुरू किया।
खेतों में घेरा डाला तो दोनों साथी भी दबोचे गए मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया। खेतों में छिपे दोनों अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद तीनों से पूछताछ कर उनके कब्जे से हथियार और चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक नाजायज चाकू और दो चोरी के मोबाइल फोन मिले हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
हथियार-मोबाइल और बाइक बरामद, पुलिस खंगाल रही पुराना रिकॉर्ड पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी के मोबाइल फोन कहां से मिले और तीनों आरोपी इससे पहले किन वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई एडीजी मेरठ जोन और डीआईजी सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में तथा एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में हुई। अभियान में एसपी सिटी अमृत जैन, सीओ नई मंडी सुनील कुमार और प्रभारी निरीक्षक नई मंडी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *