![]()
श्रावण मास के अंतिम मंगलवार को जिले के सुप्रसिद्ध चकवा महावीर मंदिर में विशाल बुढ़वा मंगल मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए और मेले में जमकर खरीदारी की। मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चकवा महावीर मंदिर ज्ञानपुर मुख्यालय से लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित है। यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के साथ मेले का आनंद लेते हैं और खरीदारी करते हैं। नेशनल हाईवे जंगीगंज के पास स्थित महावीर मंदिर पर भी बुढ़वा मंगल मेले का आयोजन किया गया। यह बुढ़वा मंगल मेला सदियों पुरानी परंपरा का हिस्सा है। चकवा महावीर मंदिर का इतिहास पांडव काल से जुड़ा है। ऐसी मान्यता है कि पांडवों ने ही यहां हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित की थी, और तभी से श्रावण मास के अंतिम मंगलवार को यह मेला आयोजित होता आ रहा है। श्रद्धालु सुबह अपने घरों पर हलवा-पूरी और गुगुरी बनाकर मंदिर पहुंचते हैं। हनुमान जी का पूजन-अर्चन करने के बाद वे मेले में घूमकर विभिन्न झूलों और गतिविधियों का आनंद लेते हैं।
Source link
चकवा महावीर मंदिर में बुढ़वा मंगल मेला:हजारों श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए, खरीदारी भी की