![]()
औरैया के लोधीयान मोहल्ले निवासी सफाईकर्मी गौरव कुमार की शुक्रवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। चिरैयापुर गांव से काम कर बाइक से लौटते समय अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, गौरव कुमार पेशे से सफाईकर्मी थे। शुक्रवार को वह चिरैयापुर गांव में टैंक की सफाई का काम करने गए थे। रात में काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान औरैया मार्ग पर शुखु के अड्डा गांव के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि गौरव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें आयुर्वेदिक चिकित्सालय चिचोली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गौरव अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार में 6 वर्षीय बेटी परी, 2 वर्षीय बेटा चिंगी और एक माह का नवजात शिशु है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गौरव परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी अकेले संभाल रहे थे। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
घर लौट रहे सफाईकर्मी की सड़क हादसे में मौत:औरैया में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, जांच जारी