घर में घुसकर फायरिंग करने का आरोपी गिरफ्तार:मुरादाबाद में 24 घंटे पहले महिला ने दर्ज कराई थी FIR


मुरादाबाद पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद किया है। घटना कटघर थाना क्षेत्र में अनवार नगर मोहल्ले की है। यहां रहने वाली सबीना ने कटघर थाने में घटना की बाबत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने कहा था कि चार जुलाई की रात करीब एक बजे नाजिम कुरैशी उनके घर में घुस आया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उसे व उसके परिजनों को जान से मारने की नीयत से तमंचे से गोली चलाई।
इसके बाद आरोपी ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत करने पर आरोपी और उसके परिजनों द्वारा दोबारा धमकाने का भी आरोप लगाया गया। कटघर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी नाजिम कुरैशी निवासी अनवार नगर, थाना कटघर को रविवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक कारतूस और तमंचे की नाल में फंसा एक खोखा बरामद हुआ।
सोमवार को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *