ग्रेटर नोएडा वेस्ट में प्लास्टर गिरने से मौत:सोसाइटी में बाइक से आया था, स्ट्रक्चर सेफ्टी पर उठे सवाल


ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक बहुमंजिला आवासीय सोसाइटी में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। सोसाइटी की इमारत से प्लास्टर का हिस्सा टूटकर गिरने से एक निवासी गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सोसाइटी में दहशत का माहौल है और भवन की संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। घटना बिसरख थाना क्षेत्र स्थित अरिहंत अंबर सोसाइटी की है। मृतक की पहचान 46 वर्षीय विकास चावला के रूप में हुई है, जो सोसाइटी के डी-1507 फ्लैट में परिवार के साथ रहते थे। जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम विकास चावला अपनी बाइक से सोसाइटी से बाहर जा रहे थे। इसी दौरान बिल्डिंग का प्लास्टर अचानक टूटकर उनके ऊपर आ गिरा। प्लास्टर गिरने से बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बह गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत विकास चावला को यथार्थ अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहले भी उठ चुकी थी स्ट्रक्चर ऑडिट की मांग सेंट्रल नोएडा के एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सोसाइटी के अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) का कहना है कि इमारत की सुरक्षा को लेकर पहले भी कई बार स्ट्रक्चर ऑडिट कराने की मांग उठाई गई थी। हादसे के बाद निवासियों में चिंता बढ़ गई है और भवन की गुणवत्ता तथा रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *