ग्रेटर नोएडा में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत:मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप, केस दर्ज


ग्रेटर नोएडा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायका पक्ष ने ससुरालजनों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। घटना ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र के जलपुरा की है। मृतका की पहचान दीपिका नागर नामक के रूप में हुई है। दीपिका के पिता संजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 11 दिसंबर 2023 को जलपुरा निवासी ऋतिक के साथ की थी। संजय के अनुसार, शादी में उन्होंने करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद, ससुराल वाले लगातार अतिरिक्त दहेज में एक फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। वे दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। पिता ने कई बार बेटी और ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया था। पीड़ित पिता ने बताया कि 17 मई को उनकी बेटी दीपिका ने उन्हें फोन कर बताया कि ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और दहेज में गाड़ी व पैसे लाने को कह रहे हैं। शाम को संजय ससुराल गए और बातचीत कर वापस आ गए। रात में उन्हें फोन आया कि दीपिका छत से गिर गई है और उन्हें अस्पताल आने को कहा गया। जब वे अस्पताल पहुंचे, तो देखा कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। पिता ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने ही दीपिका की हत्या कर उसके शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया है। इस मामले में पीड़ित पिता ने ससुर मनोज, सास पूनम, पति ऋतिक, ननद नेहा व तन्वी, तथा चचिया ससुर प्रमोद व विनोद के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी ससुर और पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच पड़ताल जारी है। पुलिस के द्वारा बताया गया कि विवाहिता की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हुई थी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *