![]()
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बिल्डिंग से प्लास्टर गिरने से हुई रेजिडेंट की मौत के मामले में बिसरख पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मेंटेनेंस इंचार्ज दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में 40 वर्षीय विकास चावला की जान चली गई थी। यह घटना शनिवार शाम को बिसरख थाना क्षेत्र की अरिहंत अम्बर सोसाइटी में हुई। विकास चावला अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी बिल्डिंग से प्लास्टर का एक टुकड़ा उनके सिर पर गिरा। सिर पर चोट लगने के बाद वह पास की दीवार से टकराए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक विकास चावला के भाई की शिकायत पर बिसरख पुलिस ने अरिहंत बिल्डर और मेंटेनेंस कंपनी निम्बस के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत एफआईआर दर्ज की है। इसी मामले में मेंटेनेंस इंचार्ज दीपक कुमार को गिरफ्तार किया गया है। सोसाइटी के एओए (एसोसिएशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स) के अध्यक्ष तुषार ने बताया कि यह एक दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि बिल्डर और एओए के बीच मरम्मत को लेकर पहले से ही मामला चल रहा है। बिल्डर ने मरम्मत नहीं कराई, जिसके लिए कोर्ट से भी निर्देश दिए गए थे। एओए ने इस संबंध में जिलाधिकारी को भी पत्र लिखा था।
Source link
ग्रेटर नोएडा में प्लास्टर गिरने से रेजिडेंट की मौत:अरिहंत अम्बर सोसाइटी के मेंटेनेंस इंचार्ज गिरफ्तार, बिल्डर पर FIR