![]()
मथुरा की गोविंदनगर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह चोरी के वाहन बरामद किए, जिनमें पांच मोटरसाइकिलें और एक स्कूटी शामिल है। यह कार्रवाई शनिवार तड़के करीब 4 बजे की गई, जिसका खुलासा शाम 6 बजे किया गया। थाना प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी। सूचना मिलने पर अस्सीश्वर मंदिर पार्क के पीछे आइसक्रीम फैक्ट्री जाने वाले मार्ग और पुरानी रेलवे लाइन क्रॉसिंग के पास से नई बस्ती की ओर से तीनों संदिग्ध युवकों को चोरी के वाहनों के साथ पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलिख पुत्र संजय (निवासी बड़ा पीर, थाना कोतवाली, धौलपुर, राजस्थान), मोहम्मद पुत्र चांद (निवासी पटपुरा, थाना कोतवाली, धौलपुर, राजस्थान) और समीर पुत्र रहीश (निवासी बाग गली, मटिया गेट, थाना गोविंदनगर, मथुरा) के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन हीरो स्प्लेंडर, एक बजाज प्लेटिना, एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल और एक काले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। अधिकांश वाहनों की नंबर प्लेट हटाई गई थी ताकि उनकी पहचान न हो सके। चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर वाहनों का सत्यापन किया जा रहा है। बरामद एक मोटरसाइकिल पहले से दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई है। आरोपियों के खिलाफ गोविंदनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी के अन्य मामलों और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। साथ ही बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वाहन सुपुर्द करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
Source link
गोविंदनगर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश:छह चोरी के वाहन बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार