![]()
मध्य प्रदेश के बीना स्टेशन पर तीसरी रेल लाइन की कनेक्टिविटी के लिए यार्ड रीमॉडलिंग का काम किया जाएगा। इसके चलते सितंबर और अक्टूबर में गोरखपुर से चलने वाली और गोरखपुर आने वाली कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा। रेलवे ने कुछ ट्रेनों का मार्ग बदलने का फैसला किया है, जबकि कुछ ट्रेनों का बीना स्टेशन पर ठहराव का समय कम किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने प्रभावित ट्रेनों की जानकारी जारी कर दी है। सबसे अधिक असर गोरखपुर से ओखा, अहमदाबाद, बांद्रा टर्मिनस और दादर जाने वाली ट्रेनों के अलावा गोरखपुर आने वाली कुछ ट्रेनों पर पड़ेगा। गोरखपुर-ओखा एक्सप्रेस का बदलेगा रास्ता गोरखपुर से चलने वाली 15045 गोरखपुर-ओखा एक्सप्रेस 24 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी। यह ट्रेन बीना के बजाय गोविंदपुरी-इटावा-ग्वालियर-गुना के रास्ते संचालित होगी। वहीं, 15046 ओखा-गोरखपुर एक्सप्रेस 20 सितंबर से 11 अक्टूबर 2026 तक गुना-ग्वालियर-इटावा-गोविंदपुरी के रास्ते गोरखपुर पहुंचेगी। गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस भी बदले मार्ग से चलेगी 19489 अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस 9 से 15 अक्टूबर 2026 तक परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी। यह ट्रेन मक्सी जंक्शन-रूठिया-गुना-महादेव खेड़ी-मलखेड़ी के रास्ते चलेगी। इसके अलावा 19490 गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस 7 से 14 अक्टूबर 2026 तक मलखेड़ी-महादेव खेड़ी-गुना-रूठिया-मक्सी जंक्शन के रास्ते संचालित होगी। बांद्रा-गोरखपुर और गोरखपुर-बांद्रा ट्रेन भी प्रभावित 19091 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस 12 अक्टूबर 2026 को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। इसका रास्ता मक्सी जंक्शन-रूठिया-गुना-महादेव खेड़ी-मलखेड़ी रहेगा। वहीं, 19092 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 13 अक्टूबर 2026 को मलखेड़ी-महादेव खेड़ी-गुना-रूठिया-मक्सी जंक्शन के रास्ते चलाई जाएगी। गोरखपुर-दादर विशेष ट्रेन के संचालन में भी बदलाव 01027 दादर-गोरखपुर विशेष गाड़ी 10, 11 और 13 अक्टूबर 2026 को परिवर्तित मार्ग इटारसी-जबलपुर-कटनी-सतना-मानिकपुर के रास्ते गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं, 01028 गोरखपुर-दादर विशेष गाड़ी 10, 12 और 13 अक्टूबर 2026 को मानिकपुर-सतना-कटनी-जबलपुर-इटारसी के रास्ते चलाई जाएगी। रेलवे ने यह भी बताया है कि 20 अगस्त 2026 से 01028 गोरखपुर-दादर विशेष गाड़ी परिवर्तित ट्रेन संख्या 11048 से चलाई जाएगी। गोरखपुर रूट की अन्य ट्रेनें भी प्रभावित बीना स्टेशन यार्ड रीमॉडलिंग के कारण 19053 सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस और 19054 मुजफ्फरपुर-सूरत एक्सप्रेस का भी मार्ग बदला गया है। इसी तरह अहमदाबाद-दरभंगा, दरभंगा-अहमदाबाद, अहमदाबाद-वाराणसी सिटी और वाराणसी सिटी-अहमदाबाद एक्सप्रेस भी निर्धारित अवधि में परिवर्तित मार्ग से चलेंगी। इसके अलावा 11071 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बलिया एक्सप्रेस और 11072 बलिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस को भी परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। बीना स्टेशन पर कई ट्रेनों का ठहराव घटेगा मार्ग परिवर्तन के साथ कुछ ट्रेनों के बीना स्टेशन पर रुकने का समय भी कम किया गया है। 15029 गोरखपुर-पुणे साप्ताहिक एक्सप्रेस का बीना स्टेशन पर ठहराव 24 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक 10 मिनट के बजाय सिर्फ 2 मिनट रहेगा। इसी तरह 12593 लखनऊ जंक्शन-भोपाल साप्ताहिक एक्सप्रेस का बीना में ठहराव 19 सितंबर से 10 अक्टूबर तक 10 मिनट से घटाकर 2 मिनट किया गया है। 22586 गांधीनगर कैपिटल-बनारस साप्ताहिक एक्सप्रेस का ठहराव 24 सितंबर से 15 अक्टूबर तक 10 मिनट के बजाय 2 मिनट रहेगा। वहीं 22585 बनारस-गांधीनगर कैपिटल एक्सप्रेस का बीना में ठहराव 23 सितंबर से 14 अक्टूबर तक 5 मिनट से घटाकर 2 मिनट किया गया है। इसके अलावा 19306 कामाख्या-डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस और 19305 डॉ. अंबेडकर नगर-कामाख्या एक्सप्रेस का बीना स्टेशन पर ठहराव भी निर्धारित अवधि में 5 मिनट से घटाकर 2 मिनट किया जाएगा। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह रेलवे के इस बदलाव का उद्देश्य बीना स्टेशन पर तीसरी लाइन की कनेक्टिविटी के लिए जरूरी यार्ड रीमॉडलिंग कार्य को पूरा करना है। मार्ग परिवर्तन के कारण कई ट्रेनों के निर्धारित रास्ते में बदलाव होगा। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन और मार्ग की जानकारी रेलवे से जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।
Source link
गोरखपुर से ओखा-अहमदाबाद-बांद्रा-दादर जाने वाली ट्रेनों पर असर:बीना यार्ड रीमॉडलिंग का असर, जानें पूरी लिस्ट