![]()
गोरखपुर के डोमिनगढ़ नाले की सफाई का काम गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रहा। सावित्री अस्पताल पुलिया के पास करीब 50 मीटर हिस्से में नाले की तल्ली झाड़ सफाई कर मलबा निकाला गया। गुरुवार को नाले से करीब 40 ट्राली मलबा निकाला गया। सफाई के दौरान दो मकानों के सामने सड़क के हिस्से में बने चैंबर की स्लैब काटकर भी शिल्ट निकालने का काम शुरू कराया गया। महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कर्मचारियों से काम की जानकारी ली और सफाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। देखिए 2 तस्वीरें दो मकानों के सामने सड़क की स्लैब काटकर निकाली जा रही शिल्ट डोमिनगढ़ नाले पर सावित्री अस्पताल पुलिया के पास करीब 50 मीटर हिस्से में दो मकानों का निर्माण नाले के ऊपर किए जाने की बात सामने आई है। नाले की सफाई के लिए पहले इन मकानों के स्लैब को काटकर शिल्ट निकालने का काम शुरू किया गया था। अब नगर निगम ने दोनों मकानों के सामने सड़क की पटरी पर बने हिस्से की स्लैब और चैंबर को भी काटकर सफाई शुरू करा दी है। इसका उद्देश्य नाले के अंदर जमी शिल्ट को पूरी तरह बाहर निकालना है, ताकि पानी की निकासी बेहतर हो सके। तीन शिफ्ट में करीब 150 सफाई कर्मचारी जुटे सफाई अभियान में नगर निगम के करीब 150 सफाई कर्मचारी तीन शिफ्ट में काम कर रहे हैं। कर्मचारियों के लिए नगर निगम की ओर से लंच की भी व्यवस्था की जा रही है। नाले से शिल्ट निकालने के लिए मौके पर 2 पोकलेन, 2 जेसीबी, 2 डंपर, 2 डीसीएम, 2 मैजिक और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाई गई हैं। जहां मशीनों से सफाई संभव है, वहां पोकलेन की मदद से नाले के अंदर से शिल्ट निकाली जा रही है। इसके अलावा कर्मचारी भी अंदर उतरकर सफाई कर रहे हैं। तल्ली झाड़ सफाई पूरी होने तक जारी रहेगा काम नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि नाले के इस पूरे हिस्से की तल्ली झाड़ सफाई कराई जा रही है। जब तक पूरे स्ट्रेच की गहराई से सफाई पूरी नहीं हो जाती, तब तक काम जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि नाले से ज्यादा से ज्यादा शिल्ट निकालकर जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। चार दिन से चल रहे काम से आसपास के लोग परेशान नाले की सफाई के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह मशीनें और वाहन लगाए जाने से आवाजाही प्रभावित हो रही है। शिल्ट निकालने के दौरान सड़क पर भी गंदगी और पानी फैल रहा है। विजय चौक के पास नाले से शिल्ट निकालने के दौरान निकला पानी मुख्य सड़क पर जमा हो गया। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी। मकानों को लेकर नगर निगम की अनुमति पर उठे सवाल नाले के ऊपर बने दोनों मकानों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इन मकानों के निर्माण के लिए नगर निगम की ओर से अनुमति कैसे दी गई। नाले की सफाई के दौरान मकानों के हिस्से को काटकर शिल्ट निकालने की स्थिति सामने आने के बाद इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मकान मालिकों को नोटिस, जवाब का इंतजार अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों मकान मालिकों को नगर निगम की ओर से नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। अभी तक दोनों की ओर से लिखित जवाब नहीं मिला है। जवाब मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने सफाईकर्मियों का बढ़ाया हौसला निरीक्षण के दौरान महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव ने सफाईकर्मियों से बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने सफाईकर्मियों के काम की सराहना की और अभियान को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। नगर आयुक्त अजय जैन ने भी मौके पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव को नाले की सफाई का काम जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, सहायक नगर आयुक्त अविनाश प्रताप सिंह, मुख्य अभियंता अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता अशोक कुमार भाटी समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Source link
गोरखपुर में नाले के ऊपर बने मकानों पर उठे सवाल:150 कर्मचारियों ने स्लैब काटकर निकाला गया 40 ट्राली मलबा, मकान मालिक को नोटिस