गोंडा में 16 जुआरी गिरफ्तार, 2.08 लाख रुपए जब्त:सार्वजनिक स्थानों पर खेल रहे थे जुआ, 52 ताश की पत्ती और दो गड्डी ताश बरामद


गोंडा जिले की वजीरगंज पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अंतरजनपदीय जुआ रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 16 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 2 लाख 8 हजार 440 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से जुआ खेलते समय 2 लाख 1 हजार 600 रुपये बरामद हुए। इसके अतिरिक्त, तलाशी के दौरान उनके पास से 6 हजार 840 रुपये और मिले, जिससे कुल बरामदगी 2 लाख 8 हजार 440 रुपये हो गई। पुलिस ने 52 ताश के पत्तों की दो गड्डियां भी जब्त की हैं।
गिरफ्तार किए गए 16 आरोपियों में उत्तराखंड के राजीव सक्सेना, अयोध्या के अभिनेश कुमार, रंजीत सोनकर, राजकरन, संजय यादव, उमेश, कामरान, जयनुल, अबरार, बस्ती के तोहिद, दीनानाथ और गोंडा के विष्णु, दीपनारायण, वंश पांडेय, विकास सोनी, मोहम्मद नासिर शामिल हैं। ये सभी आरोपी वजीरगंज थाना क्षेत्र के बहादुरा गांव में सड़क किनारे सार्वजनिक स्थान पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने छापेमारी के दौरान इन्हें ताश के पत्तों से जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा। वजीरगंज पुलिस ने सभी 16 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 13 (सार्वजनिक जुआ अधिनियम) के तहत मुकदमा दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर गोंडा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है। वजीरगंज थाना अध्यक्ष विपुल पांडे ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है और भविष्य में भी ऐसे अभियान चलाकर कार्रवाई जारी रहेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *