![]()
गोंडा जिले में शनिवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और आजाद समाज पार्टी को बड़ा झटका लगा। दोनों दलों के 6 प्रमुख नेताओं समेत 200 कार्यकर्ताओं ने लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी (सपा) मुख्यालय में सपा की सदस्यता ग्रहण की। दोपहर करीब 12 बजे हुए कार्यक्रम में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की मौजूदगी में सभी को पार्टी में शामिल कराया गया। अखिलेश यादव ने मनकापुर विधानसभा के पूर्व बसपा प्रत्याशी श्याम नारायण कोरी, गौरा विधानसभा के पूर्व बसपा प्रत्याशी निगार उस्मानी और देवीपाटन मंडल के पूर्व मुख्य कोऑर्डिनेटर राजिक उस्मानी को सपा की सदस्यता दिलाई। इनके साथ देवीपाटन मंडल के बसपा संयोजक गंगा प्रसाद चौधरी, काजीपुर के प्रधान मोहम्मद जिया और आजाद समाज पार्टी के मनकापुर विधानसभा अध्यक्ष विनोद कोरी भी सपा में शामिल हुए। 194 कार्यकर्ताओं ने भी ली सदस्यता इन नेताओं के साथ 194 अन्य कार्यकर्ताओं ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की। सभी कार्यकर्ताओं ने सपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ली। सपा लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव लाल चंद्र गौतम के नेतृत्व में यह जॉइनिंग कराई गई। कई महीने से चल रही थी तैयारी लाल चंद्र गौतम पिछले कई महीनों से इन नेताओं को सपा में शामिल कराने के प्रयास में जुटे थे। उन्होंने बताया कि सभी नेता काफी समय से सपा के संपर्क में थे और पार्टी में शामिल होना चाहते थे। इसके लिए अखिलेश यादव को पत्र देकर जॉइनिंग की अनुमति मांगी गई थी। स्वीकृति मिलने के बाद शनिवार को सभी को पार्टी में शामिल कराया गया। मनकापुर-गौरा में सपा को मजबूत करने की तैयारी इन नेताओं के सपा में आने से जिले में पार्टी को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। श्याम नारायण कोरी मनकापुर विधानसभा में, जबकि निगार उस्मानी गौरा विधानसभा में सपा को मजबूत करने का काम करेंगी। वहीं राजिक उस्मानी देवीपाटन मंडल और जिले में पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। गौतम बोले- कई और नेता सपा में आएंगे लाल चंद्र गौतम ने कहा कि ये नेता बसपा से पूरी तरह ऊब चुके थे और उन्हें उत्तर प्रदेश में पार्टी का जनाधार कमजोर नजर आ रहा था। इसी वजह से वे काफी समय से सपा के संपर्क में थे। उन्होंने दावा किया कि इन नेताओं के आने से मनकापुर और गौरा विधानसभा में सपा मजबूत होगी। गौतम ने कहा कि अभी शुरुआत हुई है और जल्द ही अन्य पार्टियों के कई नेता भी समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे।
Source link
गोंडा में बसपा-आजाद समाज पार्टी को झटका:6 नेताओं समेत 200 कार्यकर्ता सपा में शामिल; अखिलेश यादव ने दिलाई सदस्यता