गाजियाबाद में सैकड़ों लोगों का प्रदर्शन,पुलिस कार्यप्रणाली सुधार की मांग:मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर त्वरित न्याय दिलाने की अपील


गाजियाबाद में मंगलवार शाम करीब 4 बजे विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और किसान संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गाजियाबाद पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने एक घंटे से अधिक समय तक डीएम परिसर में नारेबाजी की और बाद में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा। यह प्रदर्शन ‘सजग समाज अभियान गाजियाबाद’ के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। इस प्रदर्शन में हिन्दू रक्षा मंच, अपराध मुक्त गाजियाबाद सेवा समिति, जाटव सभा, सर्व सेवा परिषद, भारतीय किसान यूनियन अनाज, अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण महासभा, किसान यूनियन इंडिया, शिव शक्ति सेवा ट्रस्ट, राष्ट्रवादी श्रवण महासंघ और विश्व हिन्दू रक्षा परिषद सहित कई संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिले में कई पीड़ित, विशेषकर महिलाएं, अपनी शिकायतों पर समय पर कार्रवाई न होने से परेशान हैं। मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में कई प्रमुख मांगें शामिल थीं। इनमें जिले के सभी लंबित मामलों की उच्चस्तरीय समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच पूरी कराना और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना शामिल है। ज्ञापन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित रूप से संवेदनशीलता एवं मानवाधिकार संबंधी प्रशिक्षण देने की भी मांग की गई। ज्ञापन में प्रत्येक थाने में पीड़ित सहायता और शिकायतों की निगरानी के लिए अलग डेस्क बनाने की मांग भी की गई। साथ ही, कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच कर जवाबदेही तय करने पर जोर दिया गया। लोनी के अंकुर विहार थाना क्षेत्र में दर्ज धर्मांतरण प्रकरण का भी विशेष उल्लेख किया गया। प्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच आवश्यक है, ताकि आम जनता का कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे। सजग समाज अभियान के सुरेश कुशवाहा ने बताया कि यह ज्ञापन जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय मिले और पुलिस व्यवस्था अधिक जवाबदेह व संवेदनशील बने, इसी मांग को लेकर सभी संगठन एकजुट होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे हैं। कुशवाहा ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।

इस प्रदर्शन में राकेश चौहान, आकाश वर्मा, ललित कश्यप, राजीव चौहान, पंकज कंसल, सुबोध जाटव, पूनम कांत, सपना कंसल और नवनीत सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *