गांधीनगर कॉलोनी में सड़कें बदहाल, गड्ढों से लोग परेशान:कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी, जलनिकासी भी खराब


महराजगंज नगर के गांधीनगर वार्ड स्थित पिपरदेउरा पोखरा आवास कॉलोनी में सड़कें जर्जर हालत में हैं और जलनिकासी की व्यवस्था भी खराब है। मान्यवर श्री कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के तहत वर्ष 2008 से 2011 के बीच विकसित इस कॉलोनी की अधिकांश सड़कें गहरे गड्ढों में बदल गई हैं। बरसात के दिनों में जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासियों सुभाष, मनजीत, संदीप, कैलाशी देवी और पूजा देवी ने बताया कि खराब सड़कों के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को इससे विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण और मरम्मत के लिए संबंधित विभाग तथा अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। निवासियों के अनुसार, अधिशासी अधिकारी पीडब्ल्यूडी राजकुमार मिश्रा द्वारा बार-बार केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि धरातल पर कोई कार्य शुरू नहीं कराया गया है। इस स्थिति से क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों ने विभागीय उदासीनता पर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। कॉलोनीवासियों ने जिलाधिकारी महराजगंज से सड़क निर्माण और जलनिकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *