कौशांबी में मिला मजदूर का शव:चेहरे पर चोट के निशान, हत्या की आशंका, पुलिस व फोरेंसिक जांच में जुटी


कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक केले के खेत में अधेड़ मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान तियरा गांव निवासी रामनरेश पुत्र गोकुल प्रसाद के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। खेत में शव पड़े होने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक के चेहरे पर खून और चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिपरी पुलिस के साथ एडिशनल एसपी अमिता सिंह भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और जांच के लिए नमूने लिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *