कौशांबी में महिला पर हमले के 4 आरोपी गिरफ्तार:गड्ढे के विवाद में तमंचा लहराने वाले पकड़े गए, अवैध हथियार बरामद


कौशांबी में एक महिला पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लाठी-डंडों से महिला की पिटाई की थी और अवैध तमंचा लहराया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। पुलिस ने उनके पास से अवैध तमंचा भी बरामद किया है। यह घटना कोखराज थाना क्षेत्र के शहजादपुर गांव की है। पीड़ित महिला साजिया बेगम, पत्नी इशराइल ने रविवार को कोखराज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम को उनके घर के सामने सड़क पर एक गड्ढे को लेकर पड़ोसियों से विवाद हो गया था। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया साजिया बेगम के मुताबिक, पड़ोस के 6-7 लोगों ने उन्हें लाठी-डंडों से पीटा। हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए अवैध तमंचा भी लहराया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसे पीड़िता ने अपनी शिकायत के साथ पुलिस को सौंपा था। कोखराज थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सोमवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में उबैद पुत्र कैयूम, मो. रेहान पुत्र नन्हे, जुबैर पुत्र कयूम और कयूम पुत्र स्व. यूसुफ शामिल हैं। ये सभी शहजादपुर राजन टोला, थाना कोखराज, कौशांबी के निवासी हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके पास से अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *