![]()
कौशांबी में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कई युवक एक व्यक्ति पर लात-घूंसों और बेल्ट से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मामला पिपरी थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव का बताया जा रहा है। रविवार रात गांव में भंडारे और मेले का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर एक युवक और कुछ युवकों के समूह के बीच विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर कई युवकों ने मिलकर युवक की पिटाई शुरू कर दी। वायरल वीडियो में दर्जनों लोग मौके पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ युवक पीड़ित को बेल्ट, लात और घूंसों से मारते नजर आ रहे हैं। इस दौरान भीड़ तमाशबीन बनी रही और किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है। संबंधित लोगों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कानून अपने हाथ में लेने के बजाय किसी भी विवाद की स्थिति में पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
Source link
कौशांबी में दो पक्षों के युवकों में मारपीट:मेले के दौरान लोगों ने बेल्ट-लात घूंसों से पीटा, पुलिस जांच में जुटी