कूड़े के ढेर में मिला नवजात बच्ची का शव:कानपुर में पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी


कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पनकी रोड पर मंगलवार को कूड़े के ढेर में कपड़े में लिपटा नवजात बच्ची का शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी तो मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने 112 नंबर पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर कल्याणपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव किसने फेंका, जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को कूड़े के ढेर में कौन और कब छोड़कर गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बच्ची की मौत के कारणों का भी पता चल सकेगा। शव देखकर भावुक हुए लोग कपड़े में लिपटे नवजात के शव को देखकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो गए। लोगों के बीच चर्चा रही कि आखिर किन परिस्थितियों में बच्ची को जन्म के बाद कूड़े के ढेर में छोड़ दिया गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *