कुशीनगर में युवक संदिग्ध हालत में मौत:परिवार का इकलौता सहारा, पुल पर घायल मिला; प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका


कुशीनगर के अहिरौली थाना क्षेत्र के बरडीहा गांव में 22 वर्षीय संदीप यादव की शनिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो साल पहले बड़े भाई की कैंसर से मौत के बाद वह परिवार का इकलौता सहारा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जानकारी के अनुसार, संदीप शनिवार रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद घर से लगभग 50 मीटर दूर मोबाइल टावर और पुल की ओर गया था। रात करीब एक बजे उसके पड़ोसी और मित्र विशाल यादव के मोबाइल पर संदीप के ही फोन से एक कॉल आई। फोन करने वाले ने बताया कि संदीप गांव के बाहर पुल पर घायल अवस्था में पड़ा है, जिसके बाद उसने फोन काट दिया। सूचना मिलते ही चाचा और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, संदीप पुल की रेलिंग के पास गंभीर रूप से घायल पड़ा था। उसका मोबाइल फोन उसके सीने पर रखा था। उसकी आंख, गाल, गले और पैरों की उंगलियों पर चोट के निशान थे। परिजन उसे ऑटो से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संदीप के परिवार में पिता शिवधर यादव, मां विमला देवी, भाभी रेनू और तीन वर्षीय भतीजी मुस्कान हैं। उसकी बड़ी बहन नीलू की शादी हो चुकी है। बड़ा भाई राजेश यादव की दो वर्ष पहले कैंसर से मौत हो गई थी, जिसके बाद संदीप ही परिवार का मुख्य सहारा था। वह पहले पिता के साथ पंजाब में रहता था, लेकिन भाई की मौत के बाद घर पर रहने लगा। पिछले करीब एक माह से वह गोरखपुर की एक फर्नीचर दुकान पर काम कर रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, संदीप का गांव की ही एक दूसरी जाति की महिला से प्रेम संबंध था, जिसकी जानकारी महिला के परिजनों को भी थी। वहीं, उसके मोबाइल फोन में किसी अज्ञात नंबर से हुई चैटिंग की बात भी सामने आ रही है। ऐसे में परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं और मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *