किसान दिवस में उठीं सिंचाई, बिजली की समस्याएं:हरदोई जिलाधिकारी अनुनय झा ने त्वरित समाधान के निर्देश दिए


हरदोई में बुधवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों ने सिंचाई, बिजली आपूर्ति, खाद-बीज की उपलब्धता, नहरों की सफाई, फसल बीमा और राजस्व से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी अनुनय झा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ किसानों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। इसके लिए कृषि, सिंचाई, विद्युत और राजस्व विभाग को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कई किसानों ने गांवों में अनियमित बिजली आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। किसानों ने बताया कि समय पर पानी और बिजली न मिलने से फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार लाने के तत्काल निर्देश दिए। किसानों ने खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर भी चिंता व्यक्त की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि किसानों को निर्धारित केंद्रों पर समय से खाद और बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, राजस्व से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। उप कृषि निदेशक सतीश पाण्डेय ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उन्नत खेती, जैविक कृषि और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया, साथ ही किसानों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्रा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अशोक कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसान दिवस का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान करना है, ताकि उन्हें कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *