![]()
मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में रोडवेज बस के एक परिचालक पर फावड़े से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना सोहराब गेट बस अड्डे से बुलंदशहर जा रही रोडवेज बस में हुई। बस में सवार दो किन्नरों के यात्रियों से बातचीत और व्यवहार पर परिचालक हरस्त अली ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बस को रास्ते में रुकवाया गया। इसके बाद परिचालक हरस्त अली के साथ मारपीट की गई और एक आरोपी ने फावड़े से उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में हरस्त अली गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों ने घायल परिचालक को एक निजी अस्पताल पहुंचाया। उनका इलाज जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनके सिर में गहरी चोट आई है। मेडिकल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की। थाना प्रभारी सतवीर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दबिश देकर घटना के लगभग दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान पठानपुरा निवासी चाहत और रौनकपुरा निवासी नाएरा के रूप में हुई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि घटना में शामिल दोनों आरोपियों को दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विधिक कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Source link
किन्नरों ने रोडवेज परिचालक पर फावड़े से हमला किया:मेरठ में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी