कार्बन फुटप्रिंट साइकिल यात्रा की तैयारियों पर बैठक:2 अक्टूबर को नेपाल से शुरू होगी यात्रा, 17-18 नवंबर को पहुंचेगी मेरठ


आगामी 2 अक्टूबर को कार्बन फुटप्रिंट साइकिल यात्रा को लेकर मेरठ में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में यात्रा की तैयारियों और इसके मुख्य उद्देश्यों पर चर्चा की गई। पद्मभूषण से सम्मानित डॉ. अनिल प्रकाश जोशी और 15 युवा साथियों व शोधार्थियों के नेतृत्व में यह यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, कार्बन फुटप्रिंट कम करने, कार्बन फुटप्रिंट को अंकित करने और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यात्रा 2 अक्टूबर को नेपाल के जनकपुर से शुरू होगी। इसके बाद यह विभिन्न स्थानों से होते हुए 17 और 18 नवंबर को क्रांतिकारी भूमि मेरठ पहुंचेगी। इसके बाद 21 या 22 नवंबर को देहरादून में यात्रा के समापन का प्रस्ताव है। ऐतिहासिक और क्रांतिकारी महत्व के कारण मेरठ को यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ावों में शामिल किया गया है। बैठक में प्रोफेसर डॉ. देवेश शर्मा, गिरिश शुक्ला, प्रोफेसर डॉ. विवेक त्यागी, प्रोफेसर डॉ. श्याम घई, शिक्षक अरविंद गौरव, शोभित गौड़, लोकेश रोहिला और इनर व्हील क्लब की सदस्य पूनम रस्तोगी सहित कई गणमान्य नागरिक और शिक्षाविद शामिल हुए। बैठक का संचालन पवनेश गौड़ ने किया। इस दौरान सभी सदस्यों ने अपने अनुभव साझा किए और यात्रा से जुड़े अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा की। साथ ही 2 अक्टूबर को मेरठ में यात्रा के प्रतीकात्मक शुभारंभ को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। सदस्यों ने कहा कि इस आयोजन के जरिए पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के संदेश से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *