कानपुर में ट्रेन में यात्री की अटैची काटकर चोरी:विजयवाड़ा से लौटे परिवार के 36 हजार, सोने की अंगूठी व दस्तावेज गायब


विजयवाड़ा से कानपुर आ रहे एक परिवार की ट्रेन में अटैची काटकर नगदी, सोने की अंगूठी और बैंक दस्तावेज चोरी हो गए। घर पहुंचने पर घटना का पता चला, जिसके बाद चकेरी थाने में पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। चकेरी के लालबंगला स्थित आनंद नगर निवासी सीमांत जोशी अपने परिवार के साथ राप्ती सागर एक्सप्रेस से विजयवाड़ा से कानपुर घर लौट रहे थे। उन्होंने 18 मार्च 2026 को सुबह 5:45 बजे विजयवाड़ा स्टेशन से यात्रा शुरू की। 19 मार्च को सुबह करीब 7:55 बजे परिवार कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचा और घर चला गया। लगभग आधे घंटे बाद जब सीमांत जोशी ने कपड़े निकालने के लिए अटैची खोली, तो वह कटी हुई मिली और अंदर रखा सामान गायब था। पीड़ित के अनुसार, अटैची में जरूरी दस्तावेज, बैंक के एटीएम कार्ड, एक सोने की अंगूठी और 36 हजार रुपये नकद रखे थे। चोरी के तुरंत बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से 49 हजार रुपये और एसबीआई खाते से 7 हजार रुपये निकलने का संदेश भी आया। इस घटना के बाद, उन्होंने तत्काल अपने सभी बैंक खातों को बंद कराया और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने आशंका जताई है कि यह वारदात यात्रा के दौरान किसी स्टेशन या ट्रेन में अटैची काटकर की गई है। जीआरपी ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे पुलिस सीसीटीवी फुटेज और यात्रा के दौरान हुई संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। वहीं, चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि जीआरपी की मदद से स्टेशन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। उन्होंने पीड़ित को जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *