कानपुर में अलग-अलग सड़क हादसे में 2 की मौत:ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आया सब्जी विक्रेता, बैराज में कार की टक्कर से युवक की मौत


कानपुर में बर्रा और गंगा बैराज में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना गंगा बैराज की है, जहां 25 अप्रैल की रात काम से लौटने के दौरान तेज रफ्तार कार ने मजदूर को रौंद दिया था, जिसमें उसके सिर, हाथ व पैर में गंभीर चोटें आई थीं। परिजनों ने उसे हैलट में भर्ती कराया था, जहां शुक्रवार शाम उनकी मौत हो गई। वहीं बर्रा–5 में मौरंग लदी ट्रैक्टर पर बैठे सब्जी विक्रेता ब्रेकर में ट्राली उछलने से नीचे जा गिरे। हादसे में ट्रैक्टर के पिछले पहिए की चपेट में आने से सब्जी विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई। 25 अप्रैल को गंगा बैराज पर हुआ था हादसा ग्वालटोली के नथ्यापुरवा निवासी पुत्ती ने बताया कि उनके दो बेटे भूरे और शेखर (24) हैं। पिता ने बताया कि शेखर दिहाड़ी मजदूरी पर काम करता था। 25 अप्रैल को वह उन्नाव काम के सिलसिले में गया था, जहां से देर रात बाइक से लौट रहा था। वह गंगा बैराज पर पहुंचा ही था, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों ने बताया कि हादसे में शेखर के बाएं पैर और हाथ में फैक्चर व सिर में गंभीर चोटें आई थीं। शुक्रवार को इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्वालटोली थाना प्रभारी राजकेसर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, बैराज पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है। ट्राली उछलने से गिरा सब्जी विक्रेता नौबस्ता मछरिया बाजार, मदार नगर निवासी अब्दुल रज्जाक ने बताया कि उनके चार बेटे मो. ताहिर, इरफान, जाकिर व मो. आरिफ (36) थे। आरिफ सब्जी का ठेला लगाते थे, 5 साल पहले उन्होंने मीनू कुरैशी के साथ लव मैरिज कर ली थी, जिसके बाद से वह धोबिन पुलिया के पास किराए के मकान में रहते थे। इंदौर की मस्जिद में पढ़ाने वाले भाई मो. ताहिर ने बताया कि शनिवार सुबह आरिफ अपने दोस्त अशोक के साथ मौरंग लदी ट्राली से बर्रा 5 जा रहा था। वह बर्रा–5 स्थित पूजा लड्‌डू भंडार के पास पहुंचा ही था, तभी ब्रेकर में ट्रैक्टर उछलने से आरिफ ट्राली से नीचे जा गिरे। जिससे ट्रैक्टर का पिछला पहिया आरिफ के ऊपर से गुजर गया। हादसे में आरिफ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *