कानपुर जू के रेंजर नावेद इकराम का मुरादाबाद तबादला:चिड़याघर में 4.5 साल दी सेवा, बोले-‘गौरी गैंडा हमेशा याद रहेगी’


कानपुर प्राणी उद्यान के रेंजर नावेद इकराम का तबादला मुरादाबाद कर दिया गया है। उनकी जगह प्रयागराज के मेजा में वन इंस्पेक्टर पद पर तैनात रहे अजय सिंह को कानपुर जू का नया रेंजर नियुक्त किया गया है। वहीं नावेद इकराम को मुरादाबाद में वन इंस्पेक्टर के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। नावेद इकराम ने बताया कि उन्हें वर्ष 2021 में कानपुर जू में रेंजर के पद पर तैनाती मिली थी। करीब 4 साल 6 महीने तक उन्होंने यहां अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान जू के विकास और दर्शकों के लिए नई सुविधाएं शुरू करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए। 3 करोड़ रुपये से बनी नई सड़क, शुरू हुई जंगल सफारी
नावेद ने बताया कि कानपुर जू की जर्जर हो चुकी सड़क को सीएसआर फंड की मदद से दोबारा तैयार कराया गया। इस परियोजना पर करीब 3 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके अलावा शहरवासियों को नया अनुभव देने के लिए जू में जंगल सफारी की शुरुआत भी की गई। सफारी के माध्यम से दर्शकों को खुले वातावरण में वन्यजीवों को देखने और एडवेंचर का अनुभव करने का अवसर मिला।
‘गौरी’ से रहा सबसे खास लगाव
कानपुर जू में बिताए अपने कार्यकाल को याद करते हुए नावेद इकराम भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि मादा गैंडा ‘गौरी’ से उनका विशेष लगाव रहा।
उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2023 में गौरी के जन्म के समय उसकी मां ‘मानू’ की मौत हो गई थी। ऐसे में नवजात गैंडे की देखभाल की पूरी जिम्मेदारी जू प्रशासन पर आ गई। नावेद ने खुद उसकी परवरिश की और उसे बोतल से दूध पिलाया। उन्होंने बताया, “जब तक गौरी छोटी थी, उसकी देखरेख, भोजन और अन्य जरूरतों का ध्यान मैं खुद रखता था। इसी वजह से उससे एक अलग जुड़ाव बन गया। वर्ष 2025 में गौरी को गुजरात के वंतारा भेज दिया गया, लेकिन उसकी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी।” बर्ड फ्लू के दौरान सामने आई बड़ी चुनौती
नावेद इकराम ने बताया कि उनके कार्यकाल में कई चुनौतियां भी आईं। वर्ष 2025 में बर्ड फ्लू के कारण कानपुर जू को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा था। उस दौरान जू के कर्मचारियों ने लगातार मेहनत कर पशु-पक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।
उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीम ने पूरी जिम्मेदारी के साथ काम किया और जू के सभी वन्यजीवों को सुरक्षित रखा।
नए रेंजर अजय सिंह संभालेंगे जिम्मेदारी
प्रयागराज के मेजा क्षेत्र में वन इंस्पेक्टर के पद पर तैनात रहे अजय सिंह अब कानपुर प्राणी उद्यान के नए रेंजर होंगे। जू प्रशासन की जिम्मेदारी अब उनके हाथों में होगी। अधिकारियों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में भी जू के विकास कार्य आगे बढ़ेंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *