![]()
‘मेरा परिवार डर गया, इतनी रात को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया जिससे सब लोग सहम गए थे…जैसे की हमलोग चोरी किए हों , और पुलिस पड़कने आई हो।’ ये बातें काजल निषाद ने हाउस अरेस्ट के बाद पुलिस के जाने के बाद कही। उन्होंने दैनिक भास्कर से बातचीत में पूरी घटना और आंदोलन को लेकर अपनी बात रखी। काजल निषाद बोलीं- हम डरने वालों में से नहीं हैं काजल निषाद ने बताया कि गीडा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर पहले 14 मई को आंदोलन प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसे आगे बढ़ा दिया गया। इसके बाद 20 मई को अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं से पहुंचने और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से सरकार डर गई और समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग डरने वाले नहीं हैं और लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाते रहेंगे। काजल निषाद ने कहा, “हम समाजवादी लोग हैं। ऐसे डराने-धमकाने से डरने वाले नहीं हैं। हम जनता के मुद्दों को उठाते रहेंगे।” उन्होंने प्रधानमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह जनता और मीडिया के सवालों का सामना करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए पिछले 12 सालों में । देर रात पहुंची पुलिस, परिवार सहम गया जब उनसे पूछा गया कि रात का माहौल कैसा था, तो उन्होंने बताया कि रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच पुलिस उनके घर पहुंची। उस समय परिवार सोने की तैयारी में था। अचानक डोरबेल बजने लगी। उन्होंने बताया कि वह और उनके पति बाहर आए तो पुलिसकर्मियों ने कहा कि ऊपर से हाउस अरेस्ट का आदेश मिला है और उन्हें घर से बाहर नहीं निकलना है। काजल निषाद ने कहा कि इतनी रात में पुलिस के आने से पूरा परिवार डर गया और घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। गीडा की समस्याओं को लेकर सरकार पर हमला काजल निषाद ने कहा कि गीडा क्षेत्र में प्रदूषण, बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और किसानों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल प्रदूषण और वायु प्रदूषण से आम लोग परेशान हैं और इन्हीं मुद्दों को लेकर वह आंदोलन में शामिल होने जा रही थीं। उन्होंने कहा, “यह खौफ अच्छा है, सरकार को जनता की आवाज से डर होना चाहिए।” काजल निषाद ने कहा कि जनता सब देख रही है और 2027 में अपने ऊपर हो रहे अत्याचारों का जवाब जरूर देगी। उन्होंने दावा किया कि जनता लोकतांत्रिक तरीके से सरकार को जवाब देगी। अब पढिए पूरा मामला समाजवादी पार्टी की नेता और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी काजल निषाद को मंगलवार देर रात गोरखपुर पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। काजल निषाद ने बुधवार को गोरखपुर के गीडा इलाके में बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। यह प्रदर्शन समाजवादी पार्टी के बैनर तले सहजनवा रेलवे स्टेशन के पास होना था। सोशल मीडिया पर जताया विरोध हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद काजल निषाद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा- यह खौफ अच्छा है, यह होना भी चाहिए। अभी-अभी मुख्यमंत्री जी के आदेश पर गोरखपुर, रामगढ़ ताल पुलिस ने मुझे हाउस अरेस्ट किया है। अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करने से शासन-प्रशासन में जो यह खौफ है, यह अच्छा है। इस तानाशाही के खिलाफ सदैव लड़ते रहेंगे। उनकी इस पोस्ट के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया। रात में पहुंची पुलिस, सभी को हाउस अरेस्ट किया जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन की घोषणा के बाद पुलिस और प्रशासन पहले से सतर्क हो गया था। मंगलवार देर रात तारामंडल थाने की पुलिस काजल निषाद के घर पहुंची और उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया। पुलिस ने साफ कहा कि वे किसी भी हालत में गीडा के प्रदर्शन में शामिल नहीं हो सकतीं। प्रशासन का कहना है कि यह प्रदर्शन कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ सकता था। इसी कारण एहतियात के तौर पर यह कार्रवाई की गई। हाउस अरेस्ट किए गए नेताओं में सपा नेत्री काजल निषाद के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी, पूर्व विधायक यशपाल रावत, जिला महासचिव रामनाथ यादव, जिला उपाध्यक्ष गीरीश यादव और सहजनवा विधानसभा अध्यक्ष मनीष कमांडो समेत सात पदाधिकारी शामिल हैं। जिलाध्यक्ष जिलाध्यक्ष ब्रजेश गौतम को भी हाउस अरेस्ट किया गया था, लेकिन लखनऊ कार्यक्रम में जाने की बात पर उन्हें छोड़ दिया गया।। गीडा में प्रदूषण बना मुद्दा बताया जा रहा है कि गीडा क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण और स्थानीय लोगों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी आंदोलन की तैयारी कर रही थी। काजल निषाद इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शन करने वाली थीं। पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सरकार विरोध की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। राजनीति में लगातार सक्रिय हैं काजल निषाद टीवी अभिनेत्री रह चुकी काजल निषाद पिछले कुछ वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने गोरखपुर क्षेत्र में कई चुनाव लड़े हैं। वे समाजवादी पार्टी की ओर से लोकसभा चुनाव में गोरखपुर सदर सीट से उम्मीदवार रह चुकी हैं। इसके अलावा कैंपियरगंज विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ चुकी हैं। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के बीच उनकी राजनीतिक सक्रियता फिर बढ़ती दिखाई दे रही है।
Source link
काजल निषाद बोलीं- हाउस अरेस्ट से मेरा परिवार डर गया:हम समाजवादी हैं, हमें नहीं डरा पाए, 2027 में जनता देगी जवाब