कांवड़ यात्रा में सेवा पर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन पदाधिकारी सम्मानित:एसपी ट्रैफिक ने ट्रक संचालन बंद रखने के लिए जताया आभार


श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने और कांवड़ियों की सेवा में सहयोग करने पर यूपी मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने पदाधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में यूपी मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मेरठ जोन के अध्यक्ष अमरजीत पिंकी चिन्योटी, ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज अनेजा, महामंत्री समीर कोहली और उपाध्यक्ष ताहिर इस्लाम शामिल रहे। एसपी ट्रैफिक की ओर से दिए गए प्रशस्ति-पत्र में कहा गया कि कांवड़ मेले के दौरान एसोसिएशन पदाधिकारियों ने पुलिस का भरपूर सहयोग किया। श्रद्धालुओं की सेवा, अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका निःस्वार्थ कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है। एसपी ट्रैफिक ने कहा कि यूपी मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने कांवड़ यात्रा के दौरान 29 जुलाई से 12 अगस्त तक ट्रकों का संचालन बंद रखने का वादा किया था, जिसे ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन ने पूरी तरह निभाया। इससे कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस को काफी मदद मिली। एसोसिएशन के मेरठ जोन अध्यक्ष अमरजीत पिंकी चिन्योटी ने कहा कि पुलिस का भी ट्रांसपोर्टरों को पूरा सहयोग मिला। रात में जिन ट्रकों को शहर से बाहर निकालना था, उन्हें निर्धारित समय पर निकाला गया और जिन वाहनों को अंदर आना था, उन्हें भी व्यवस्था के अनुसार प्रवेश दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के बीच बेहतर समन्वय से व्यवस्था सुचारु बनी रही। ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज अनेजा ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस जवानों ने पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी निभाई। कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रांसपोर्टरों को किसी तरह की बड़ी असुविधा या परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस ने भी पूरा सहयोग किया। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने पुलिस के सहयोग और समन्वय पर संतोष जताया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *