कांवड़ यात्रा पर बागपत पुलिस हाई अलर्ट:आधी रात दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर उतरे अफसर, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था परखी


बागपत में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात एडिशनल एसपी प्रवीण सिंह चौहान और सीओ सुकन्या शर्मा ने दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रमुख कट और बैरियरों का जायजा लेकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बेरी गेट, मवीकला कट और टटीरी कट पर पहुंचकर ट्रैफिक संचालन का जायजा लिया। उन्होंने यातायात पुलिस और अन्य ड्यूटी कर्मियों को कांवड़ियों की आवाजाही के दौरान मार्ग सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए। लाखों शिवभक्तों की आवाजाही, पुलिस के सामने बड़ी चुनौती हरियाणा समेत विभिन्न राज्यों से लाखों शिवभक्त बागपत के रास्ते हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस के सामने यातायात को सुचारु रखना, जरूरत पड़ने पर रूट डायवर्जन लागू करना और आम वाहन चालकों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराना बड़ी जिम्मेदारी है। सीसीटीवी और ड्रोन से रखी जा रही नजर जनपद में कांवड़ यात्रा फिलहाल शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही है। पुलिस अधिकारी लगातार संवेदनशील स्थानों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। मार्गों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए भी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। प्रमुख शिवालयों की सुरक्षा भी बढ़ाई गई श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जलाभिषेक को देखते हुए बागपत के प्रमुख शिव मंदिरों में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *