![]()
कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में प्लॉट खरीदने के नाम पर 40 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि जमीन को विवादमुक्त बताकर उसका बैनामा कराया गया, लेकिन बाद में पता चला कि उस भूमि को लेकर पहले से अदालत में मुकदमा चल रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मसवानपुर निवासी अंजना जायसवाल ने बताया कि वर्ष 2021 में वह मकान निर्माण के लिए जमीन तलाश रही थीं। इसी दौरान ब्रोकर राजेश श्रीवास्तव ने उनकी मुलाकात कृपाशंकर शुक्ला से कराई। आरोप है कि कृपाशंकर ने खुद को जमीन का वैध मालिक बताते हुए हाउस टैक्स की रसीद दिखाई और प्लॉट बेचने का प्रस्ताव दिया। 40 लाख में हुआ सौदा, 15 लाख दिखाए बैनामे में अंजना के अनुसार, 154 वर्गगज जमीन का सौदा 40 लाख रुपये में तय हुआ। नौ मार्च 2021 को सब रजिस्ट्रार कार्यालय जोन-4 में उनके और उनके पति शिवशंकर जायसवाल के नाम बैनामा भी कराया गया। पीड़िता का आरोप है कि बैनामे में जमीन की कीमत 15 लाख रुपये दर्ज कराई गई, जबकि बाकी 25 लाख रुपये नकद लिए गए। उनका कहना है कि रकम बैंक खाते से निकालकर दी गई थी, जिसका रिकॉर्ड उनके पास मौजूद है। निर्माण शुरू होते ही सामने आया जमीन विवाद महिला ने बताया कि बैनामे के बाद उन्होंने प्लॉट पर निर्माण कार्य शुरू कराया। करीब 20 दिन बाद कुछ लोग मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवा दिया। उन्होंने बताया कि उक्त भूमि को लेकर दीवानी न्यायालय में पहले से मुकदमा विचाराधीन है। इसके बाद पीड़िता ने जमीन विक्रेता से संपर्क किया तो उन्हें जल्द विवाद खत्म कर कब्जा दिलाने का भरोसा दिया गया। हालांकि, कई साल बीतने के बाद भी न तो कब्जा मिला और न ही रुपये वापस किए गए। पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी अंजना जायसवाल का आरोप है कि जब उन्होंने 30 नवंबर 2025 को अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने दावा किया कि उन्हें और उनके पति को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। छह लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा पीड़िता की तहरीर पर कल्याणपुर पुलिस ने कृपाशंकर शुक्ला, अजय शंकर शुक्ला, उदय शंकर शुक्ला, विजय शंकर शुक्ला, विनय शंकर शुक्ला और ब्रोकर राजेश श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कल्याणपुर में महिला से 40 लाख की धोखाधड़ी:5 साल बाद दर्ज हुआ मुकदमा, 6 लोगों पर केस