कमर्शियल सिलेंडर महंगे, टेंट एसोसिएशन का डीएम ऑफिस पर प्रदर्शन:मंडप संचालक बोले – ब्लैक में खरीद रहे सिलेंडर, बुकिंग रद्द होने से व्यापार ठप


उत्तर प्रदेश टेंट, केटर्स एंड डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार के नेतृत्व में मंडप संचालकों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की बढ़ी हुई कीमतों के खिलाफ प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। एसोसिएशन ने बताया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की अनुपलब्धता और अत्यधिक कीमतों के कारण टेंट, कैटरिंग, मिठाई और छोटे खाद्य व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। हलवाई, होटल, ढाबा संचालक और ठेले पर चाय-समोसा बेचने वाले छोटे कारोबारी भी गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं, जिससे उनके व्यवसाय बंद होने की कगार पर हैं। ज्ञापन में बताया गया कि केंद्र सरकार द्वारा 15 मार्च से पहले व्यावसायिक गैस सिलेंडर का दाम 1863 रुपये था। इसे 337 रुपये बढ़ाकर 2200 रुपये कर दिया गया। इसके बाद, मात्र 10 दिनों के भीतर दाम दोबारा 977 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाए गए, जिससे अब एक सिलेंडर 3194 रुपये का हो गया है। एसोसिएशन ने अपनी मांगों में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आवश्यकतानुसार उपलब्धता सुनिश्चित करने और बढ़ी हुई दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडरों की तरह व्यावसायिक सिलेंडरों की ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था लागू करने का भी अनुरोध किया। इसके अतिरिक्त, एसोसिएशन ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों पर जीएसटी दर 18% से घटाकर 5 करने की अपील की। उन्होंने गोदाम से गैस डिलीवरी लेने वाली कंपनियों द्वारा एजेंसी को दिए जाने वाले मार्जिन को कम करने के आदेश पारित करने की भी मांग की। अन्य मांगों में केंद्र सरकार को गैस के वैकल्पिक संसाधनों के लिए एक अनुसंधान समिति गठित करने का निर्देश देना शामिल है। साथ ही, व्यावसायिक गैस की कमी के कारण उद्योगों को पुराने वैकल्पिक ईंधन का उपयोग करने की अनुमति देने और इसके लिए प्रदूषण विभाग व एनजीटी के नियमों में 5 साल की छूट प्रदान करने की मांग की गई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *