![]()
औरैया के अजीतमल क्षेत्र में मंगलवार शाम अमावता नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव उतराता मिला। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस फिलहाल मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब चार बजे अमावता नहर पुल से लगभग 100 मीटर दूर चरवाहों ने नहर में एक शव को बहते हुए देखा। शव पास आने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली अजीतमल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकाला। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से केवल एक माचिस और बीड़ी बरामद हुई। उसके पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। निरीक्षक अपराध रामचंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई पूरी कराई। इसके बाद शव को एम्बुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है, ताकि मृतक की पहचान कर घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
Source link
औरैया के अमावता नहर में मिला अज्ञात शव:अजीतमल पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी, जेब से माचिस और बीड़ी बरामद