एसपी ने तरयासुजान इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी को निलंबित किया:कुशीनगर में बालू कारोबार में लापरवाही पर हुई कार्रवाई


कुशीनगर। कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए तरयासुजान थाने के प्रभारी निरीक्षक रामसहाय चौहान और बिहार सीमा पर स्थित बहादुरपुर पुलिस चौकी के प्रभारी विक्रम अजित प्रताप राय को निलंबित कर दिया है। पुलिस विभाग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, दोनों अधिकारियों पर अपने पदीय कर्तव्यों और दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप है। यह कार्रवाई कुछ दिन पहले बिहार से आने वाले लाल बालू (मोरंग) से लदे ट्रकों पर हुई कार्रवाई और उसके बाद शुरू हुई विभागीय जांच से जुड़ी मानी जा रही है। जांच में दोनों पुलिस अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी और अवैध कारोबार को लेकर उनकी ढिलाई सामने आई थी, जिसके बाद एसपी ने यह कदम उठाया। तस्वीरें देखिए… बताया जा रहा है कि बिहार सीमा से सटे इलाकों में लाल बालू के अवैध कारोबार को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। मामला तब गंभीर हुआ जब नियमों के उल्लंघन और अवैध परिवहन की शिकायतें जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) तक पहुंचीं। इसके बाद खनन अधिकारी अभिषेक कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें इलाके के कई बड़े बालू कारोबारियों और ट्रक व्यवसाय से जुड़े लोगों के नाम सामने आए थे। मामले में सख्ती बढ़ने के बाद बिहार से लाल बालू लाने वाले कारोबारियों की गतिविधियों पर भी असर पड़ा है। पुलिस अधीक्षक द्वारा कराई गई विभागीय जांच के बाद यह निलंबन की कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है, वहीं प्रशासन की नजरें अवैध खनन और बालू कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर और तेज हो गई हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *